नई दिल्ली:, 25 अप्रैल 2025 – हफ्ते के आखिरी कारोबार दिन आज यानी शुक्रवार, 25 अप्रैल को सेंसेक्स 589 अंक या 0.74% गिरकर 79,212 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 207 अंक या 0.86% की गिरावट रही, ये 24,039 के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 26 में गिरावट रही। अडाणी पोर्ट्स, एक्सिस बैंक और जौमेटो के शेयर करीब 3.50% गिरकर बंद हुए। TCS, इंफोसिस और टेक महिंद्रा के शेयरों में मामूली तेजी रही।
निफ्टी के 50 में से 41 शेयरों में गिरावट रही। NSE का निफ्टी मीडिया इंडेक्स सबसे ज्यदा 3.24% गिरा। वहीं, मेटल, फार्मा, पीएसयू बैंक और रियल्टी इंडेक्स में 2% से ज्यादा की गिरावट रही। IT इंडेक्स 0.72% चढ़ा।
बाजार में गिरावट के दो बड़े कारण
1. लगातार तेजी के बाद मुनाफावसूली
कल यानी 24 अप्रैल से पहले बाजार लगातार सात दिनों में 6269 अंक (8.50%) चढ़ा। इस तेजी के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू कर दी है। यह विशेष रूप से बैंकिंग जैसे सेक्टर्स में ज्यादा बिकवाली के चलते हो सकता है। बैंकिंग सेक्टर ने हाल में मजबूत प्रदर्शन किया है।
2. पहलगाम हमले से भारत-पाकिस्तान के बीच टेंशन
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने सिंधु जल समझौता सस्पेंड कर दिया। इसके बाद पाकिस्तान ने भी लगभग सभी द्विपक्षीय समझौते स्थगित करने का ऐलान किया और कहा कि भारत ने सिंधु जल रोका तो यह एक्ट ऑफ वॉर होगा। दोनों देशों के बीच इस टेंशन के चलते निवेशक सावधान हो गए हैं, जिससे बाजार में बिकवाली तेज हो गई है।
ग्लोबल मार्केट में तेजी, विदेशी निवेशकों की खरीदारी जारी
- एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 666 अंक (1.90%) ऊपर 35,705 पर बंद हुआ। कोरिया के कोस्पी में 24 अंक (0.95%) की तेजी है, ये 2,546 पर बंद हुआ।
- चीन का शंघाई कंपोजिट में 0.068% की गिरावट रही, ये 3,295 पर बंद हुआ। हॉन्गकॉन्ग के हैंगसेंग इंडेक्स में 0.32% की तेजी रही, ये 21,980 पर बंद हुआ।
- 24 अप्रैल को अमेरिका का डाउ जोन्स 487 अंक (1.23%), नैस्डेक कंपोजिट 458 अंक (2.74%) और S&P 500 इंडेक्स 109 अंक (2.03%) चढ़कर बंद हुए।
- 24 अप्रैल को विदेशी निवेशकों (FIIs) ने 8,250.53 करोड़ के शेयर खरीदे। जबकि, भारतीय यानी घरेलू निवेशकों (DIIs) ने 534.54 करोड़ रुपए के नेट शेयर बेचे।
7 दिन की तेजी के बाद कल गिरा था बाजार
लगातार 7 दिन तेजी के बाद कल यानी गुरुवार, 24 अप्रैल को शेयर बाजार में गिरावट रही। सेंसेक्स 315 अंक गिरकर 79,801 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में 82 अंक की गिरावट रही, ये 24,247 के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 17 में गिरावट रही। हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर में 4% से ज्यादा की गिरावट रही। इसके अलावा, जोमैटो, एयरटेल और ICICI बैंक के शेयर 1% गिरकर बंद हुए। वहीं, इंडसइंड बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा मोटर्स, टेक महिंद्रा के शेयर में 3.3% की गिरावट रही।
निफ्टी के 50 शेयरों में से 31 में गिरावट रही। NSE के निफ्टी रियल्टी और FMCG इंडेक्स में सबसे ज्यादा 1.41% तक की गिरावट रही। इसके अलावा, ऑटो, IT और बैंकिंग में भी मामूली गिरावट रही।