डॉ. एल सुब्रमण्यम (कर्नाटक वायलिन वादक) और अश्विनी भिडे देशपांडे (हिंदुस्तानी गायिका) ने संगीत समारोह में प्रस्तुति दी
नई दिल्ली, 29 मार्च, 2025 ।
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने स्पिक मैके और एसआरएफ फाउंडेशन के सहयोग से, “म्यूजिक इन द पार्क” श्रृंखला के तहत नेहरू पार्क, चाणक्यपुरी, नई दिल्ली में 3 दिवसीय शास्त्रीय संगीत समारोह का आयोजन कर रही है, जिसका शुभारंभ हुआ।
शास्त्रीय संगीत संध्या की शुरुआत अश्विनी भिडे देशपांडे (हिंदुस्तानी गायन) ने की, उनके साथ विनोद लेले (तबला) और विनय मिश्रा (हारमोनियम) थे, उसके बाद डॉ. एल सुब्रमण्यम और अम्बी (कर्नाटक वायलिन) ने एन राधाकृष्णन (मृदंगम), अकरम खान (तबला), गणेशन नटराजन (कंजीरा) के साथ अपनी प्रस्तुति दी।
विगत 21 वर्षों की प्रतिष्ठित संगीत परंपरा के उत्सव को चिह्नित करने के लिए, स्पिक मैके और एसआरएफ फाउंडेशन के सहयोग से, एनडीएमसी गर्व से शास्त्रीय संगीत की 3- शामें प्रस्तुत कर रही है, जिसमें एनडीएमसी को शास्त्रीय संगीत के 6 दिग्गज कलाकारों के साथ 12 अन्य कलाकारों के प्रदर्शन को प्रदर्शित करने का गौरव प्राप्त हुआ है।
दिल्ली एनसीआर क्षेत्र के हजारों दर्शकों को हिंदुस्तानी संगीत और वायलिन वादन के दिग्गज कलाकारों के अद्भुत प्रदर्शन ने मंत्रमुग्ध कर दिया। राजनयिकों, सरकारी और कॉर्पोरेट क्षेत्रों के उच्च अधिकारियों, विभिन्न संस्थानों के छात्रों, पार्क आगंतुकों, अन्य व्यक्तियों आदि सहित हजारों शास्त्रीय संगीत प्रेमियों ने भी संगीत समारोह को गम्भीरता से सुना और प्रमुख शास्त्रीय संगीत कलाकारों के विभिन्न संगीत धुनों / रागों पर मंत्रमुग्ध हो गए।
राष्ट्रीय राजधानी के हृदय स्थल नेहरू पार्क के हरे-भरे क्षेत्र की पृष्ठभूमि में, शास्त्रीय संगीत समारोहों की शाम ने भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान और प्रशंसा प्रस्तुत की, जहां वास्तव में एक गहन और अलौकिक अनुभव बनाने के लिए विशिष्ट रागों का प्रदर्शन किया गया।
कल शास्त्रीय संगीत समारोह के क्रम में, सरोद वादक तेजेंद्र नारायण मजूमदार ईशान घोष (तबला) के साथ, उसके बाद संजय सुब्रह्मण्यन (कर्नाटक गायन) एस वरदराजन (वायलिन), नेवेली बी वेंकटेश (मृदनागम) के साथ रविवार, 30 मार्च, 2025 को अपनी प्रस्तुति देंगे।
शास्त्रीय संगीत संध्या के समापन दिवस पर, उदय बावलकर (हिंदुस्तानी गायन) सुखद मुंडे (पखावज), प्रसन्ना विश्वनाथन (गायन सहायक) के साथ, उसके बाद बेगम परवीन सुल्ताना (हिंदुस्तानी गायन) शादाब सुल्ताना (गायन सहायक), अकरम खान, (तबला), विनय मिश्रा (हारमोनियम) सोमवार, 31 मार्च, 2025 को प्रस्तुति देंगे।
एनडीएमसी भारत की कलात्मक और सांस्कृतिक परंपराओं को उजागर करने वाले ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन और समर्थन करके सांस्कृतिक और कलात्मक पहलों का समर्थन करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है, इससे एनडीएमसी राजधानी के भीतर एक जीवंत सांस्कृतिक परिदृश्य को बढ़ावा दे रही है। संगीत कार्यक्रम नेहरू पार्क के सुंदर शांत वातावरण में आयोजित किए जाते हैं, जहाँ दर्शक प्रसिद्ध और उभरते कलाकारों के निःशुल्क लाइव प्रदर्शन का आनंद लेते हैं।