नई दिल्ली,12 फरवरी। सेंसेक्स आज यानी 12 फरवरी को दिन के निचले स्तर 75,388 से 783 अंक संभला। यह 122 अंक की गिरावट के साथ 76,171 के स्तर पर बंद हुआ।
निफ्टी में भी निचले स्तर 22,798 से 247 अंक की रिकवरी देखने को मिली, ये 26 अंक की गिरावट के साथ 23,045 स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 16 में तेजी और 14 में गिरावट रही। निफ्टी के 50 शेयरों में से 28 में तेजी और 22 में गिरावट रही। NSE सेक्टोरल इंडेक्स के रियल्टी सेक्टर में सबसे ज्यादा 2.74% की गिरावट रही।
एशियाई बाजारों में तेजी रही
- रिलायंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा और ITC ने बाजार को गिराने में सबसे ज्यादा कॉन्ट्रिब्यूट किया। जबकि, लार्सन एंड टुब्रो, HDFC बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक ने सेंसेक्स को ऊपर खीचने की कोशिश की।
- एशियाई बाजार में कोरिया के कोस्पी में 0.37% की तेजी रही। हॉन्गकॉन्ग के हैंगसेंग में 2.64% की तेजी और चीन के शंघाई कम्पोजिट इंडेक्स में 0.85% की तेजी रही।
- 11 फरवरी को विदेशी निवेशकों (FIIs) ने 4,486.41 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। इस दौरान घरेलू निवेशकों (DIIs) ने 4,001.89 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।
- 11 फरवरी को अमेरिका का डाओ जोंस 0.28% की तेजी के साथ 44,593 पर बंद हुआ। S&P 500 इंडेक्स 0.034% चढ़कर 6,068 पर बंद हुआ। नैस्डैक 0.36% गिरा।
हेक्सावेयर का IPO आज से ओपन हुआ
हेक्सावेयर टेक्नोलॉजीज लिमिटेड का इनिशियल पब्लिक ऑफर यानी IPO पब्लिक सब्सक्रिप्शन के लिए आज यानी 12 फरवरी से ओपन हो गया है। यह IPO 14 फरवरी को क्लोज होगा।
कंपनी इस पब्लिक इश्यू के जरिए 12.36 करोड़ शेयर्स बेचकर ₹8,750 करोड़ जुटाना चाहती है। यह भारत के IT सर्विसेज और एंटरप्राइज टेक सेगमेंट में अब तक का सबसे बड़ा IPO होगा।
अभी तक भारतीय IT सेक्टर में सबसे बड़ा 4,713 करोड़ रुपए का IPO साल 2002 में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज यानी TCS का रहा था। यह IPO पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) है।
मिडवेस्ट लिमिटेड को IPO के लिए SEBI की मंजूरी
हैदराबाद बेस्ड माइनिंग कंपनी मिडवेस्ट लिमिटेड को सिक्योरिटी एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI) से SEBIलाने की मंजूरी मिल गई है। कंपनी ने 30 सितंबर 2024 को SEBI के पास IPO के लिए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) फाइल किया था। कंपनी नए शेयर इश्यू करके 250 करोड़ रुपए जुटाना चाहती है। इसके साथ ही कंपनी के मौजूदा निवेशक ऑफर फॉर सेल के जरिए 400 करोड़ रुपए के शेयर बेचने वाले हैं।
कल गिरावट के साथ बंद हुआ था बाजार
इससे पहले कल यानी 11 फरवरी को सेंसेक्स 1018 अंक (1.31%) की गिरावट के साथ 76,293 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी में भी 309 अंक (1.32%) की गिरावट रही, ये 23,071 के स्तर पर बंद हुआ था। बाजार लगातार 5वें कारोबारी दिन गिरकर बंद हुआ था।
निफ्टी रियल्टी सबसे ज्यादा 3% टूटा था। मीडिया इंडेक्स भी 2.85% गिरकर बंद हुआ था। वहीं ऑटो, एफएमसीजी, फार्मा और सरकारी बैंकों के इंडेक्स में करीब 2% की गिरावट थी। मेटल और आईटी इंडेक्स करीब 1.50% नीचे बंद हुए थे।