नई दिल्ली,10 फरवरी। दिल्ली के LG विनय कुमार सक्सेना ने मुख्यमंत्री आतिशी से कहा है कि आपको यमुना मैया का श्राप लगा है, इसलिए आपकी पार्टी चुनाव हारी। सूत्रों के मुताबिक LG ने ये बातें 9 फरवरी को तब कहीं थीं, जब आतिशी दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने उनके पास गई थीं।
सूत्रों के मुताबिक, LG सक्सेना ने आतिशी से कहा कि उन्होंने उनके बॉस अरविंद केजरीवाल को ‘यमुना के श्राप’ के बारे में चेतावनी दी थी, क्योंकि उन्होंने नदी की सफाई के लिए एक परियोजना को रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट से गुहार लगाई थी। LG हाउस के सूत्रों के अनुसार, आतिशी ने LG की टिप्पणी का जवाब नहीं दिया।
2 साल पुराना विवाद जनवरी, 2023 में यमुना का प्रदूषण कम करने के लिए नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने LG की अध्यक्षता में एक हाई लेवल कमेटी बनाई थी। जैसे ही कमेटी ने अपना काम शुरू किया, केजरीवाल ने अपना समर्थन जताया और सहायता की पेशकश की।
हालांकि बाद में केजरीवाल सरकार ने NGT के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। दिल्ली सरकार के वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने तर्क दिया कि एक डोमेन एक्सपर्ट को पैनल का नेतृत्व करना चाहिए। कोर्ट ने इस पर रोक लगा दी थी। यह रोक 2 साल से अधिक समय से बरकरार है।
शिवसेना सांसद बोलीं –
दिल्ली विधानसभा चुनाव में AAP की हार के बीच CM आतिशी के जश्न मनाते वीडियो सामने आया था। इस पर भाजपा ने तंज किया था। शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेंदी ने आतिशी का समर्थन किया है। आतिशी की सराहना करते हुए चतुर्वेदी ने कहा- हमें समझना चाहिए कि चुनाव एक बहुत लंबी प्रक्रिया है। कई लोग अपने उम्मीदवारों और पार्टी नेताओं की जीत सुनिश्चित करने के लिए बहुत मेहनत करते हैं। आतिशी एक मुख्यमंत्री के रूप में बहुत मेहनत कर रही थीं और दोहरी जिम्मेदारी संभाल रही थीं। उन्होंने रमेश बिधूड़ी जैसे व्यक्ति के साथ बहुत कठिन चुनाव भी लड़ा था। इतना कठिन चुनाव लड़ना, विजयी होना और हार के बाद जीत छीनना जश्न का कारण बना। यह उन कार्यकर्ताओं का सम्मान था, जो उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए उनके साथ खड़े थे।