नई दिल्ली,7 फरवरी। जून 2024 में सलमान खान को मारने के इरादे से उनके पनवेल फार्महाउस की रेकी करने वाले दो आरोपियों को बॉम्बे हाईकोर्ट से जमानत मिल चुकी है। जस्टिस एन.आर. बोरकर ने इस मामले में गिरफ्तार वासपी महमूद खान उर्फ वसीम चिकना और गौरव विनोद भाटिया उर्फ संदीप बिश्नोई को ये कहते हुए जमानत दे दी कि उनके खिलाफ कोई पुख्ता सबूत नहीं मिले हैं।
कोर्ट में हुई सुनवाई में कहा गया कि वसीम चिकना और संदीप बिश्नोई उस व्हॉट्सएप ग्रुप का हिस्सा थे, जहां सलमान को मारने की साजिश पर चर्चा की गई थी, लेकिन वो दोनों सीधे तौर पर एक्टर पर हमला करवाने के मामले से जुड़े नजर नहीं आए हैं।
क्या है पूरा मामला? 14 अप्रैल 2024 को सलमान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट पर फायरिंग हुई थी। नवी मुंबई पुलिस ने 24 अप्रैल को लॉरेंस गैंग के चार लोगों को गिरफ्तार किया था, जो पनवेल में सलमान की कार पर अटैक करने की प्लानिंग कर रहे थे। इन आरोपियों की पहचान गौरव भाटिया, वासपी खान उर्फ वसीम चिकना, धनंजय उर्फ अजय कश्यप और जीशान खान उर्फ जावेद खान के तौर पर हुई थी। मामले में पांचवें आरोपी को पुलिस ने 3 जून को हरियाणा से पकड़ा था। इस मामले में कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
डेढ़ महीने तक पनवेल में रहकर की थी रेकी
मुंबई पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी करीब डेढ़ महीने से सलमान खान के पनवेल स्थित फार्महाउस पर नजर रख रहे थे। इसके लिए उन्होंने पनवेल में ही किराए का कमरा ले रखा था। वो लोग जानते थे कि हिट एंड रन केस के बाद सलमान अपनी कार की स्पीड कम ही रखते हैं। ऐसे में उनका प्लान था कि वो पनवेल के रास्ते में ही सलमान पर हमला करेंगे।इन्होंने एक्टर के फार्महाउस और कई शूटिंग स्पॉट्स समेत गोरेगांव फिल्म सिटी की भी रेकी की थी। पुलिस को इनके मोबाइल से रेकी के कई वीडियोज भी बरामद हुए हैं। कई फोन और सिमकार्ड भी बरामद किए गए हैं।